Entertainment

11 जनवरी से लौट रहा है ड्रामा और एंटरटेनमेंट का तड़का बिग बॉस मराठी सीजन 6, जानिए इस बार कौन होगा होस्ट ?

छोटे पर्दे के सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ एक बार फिर दर्शकों के मनोरंजन का बड़ा डोज लेकर लौटने जा रहा है। पिछले सीजन बिग बॉस 19 की सफलता के बाद अब फैंस के लिए एक और खुशखबरी है। लेकिन इस बार शो के होस्ट सलमान खान नहीं बल्कि रितेश देशमुख होंगे।

कलर्स मराठी ने आधिकारिक तौर पर ‘बिग बॉस मराठी सीजन 6’ का ऐलान कर दिया है। पिछले सीजन में रितेश देशमुख की होस्टिंग को दर्शकों ने बेहद पसंद किया था। उनके बेबाक अंदाज, स्टाइल और वीकेंड पर कंटेस्टेंट्स के साथ किए गए चर्चित ‘भाऊचा धक्का’ ने शो की रेटिंग के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इसी कारण चैनल ने सीजन 6 के लिए भी रितेश को होस्ट बनाने का निर्णय लिया है।

शो का प्रीमियर 11 जनवरी, 2026 से होगा। हाल ही में जारी प्रोमो में रितेश अपनी खास स्टाइल और स्वैग के साथ नजर आए हैं। प्रोमो में ढोल-ताशों की धुन और रितेश की एंट्री से साफ संकेत मिलते हैं कि इस बार मुकाबला और भी जोरदार और मनोरंजन से भरपूर होगा। खबरों के अनुसार, इस बार बिग बॉस मराठी में हिंदी टेलीविजन के कुछ बड़े चेहरे भी नजर आ सकते हैं।

वहीं, हिंदी दर्शकों के लिए भी एक बड़ी अपडेट है। सलमान खान के बिग बॉस सीजन 20 से पहले मेकर्स ‘बिग बॉस ओटीटी सीजन 4’ लाने की तैयारी कर रहे हैं। यह सीजन लगभग डेढ़ महीने यानी 45 दिनों तक ऑन-एयर रहेगा और टीवी सीजन से पहले डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों का मनोरंजन बढ़ाने का काम करेगा। बिग बॉस का यह नया दौर एक बार फिर छोटे पर्दे पर विवाद, ड्रामा और एंटरटेनमेंट का तड़का लगाने के लिए तैयार है।