अगर आपको लगातार सर्दी-जुखाम, खांसी या बुखार की समस्या हो रही है, तो इसे हल्के में न लें, क्योंकि COVID-19 का खतरा फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ओमिक्रॉन परिवार का नया सब-वेरिएंट BA.3.2, जिसे ‘सिकाडा’ नाम दिया गया है, अब तक 23 देशों में फैल चुका है और धीरे-धीरे अपनी मौजूदगी बढ़ा रहा है। Centers for Disease Control and Prevention के अनुसार, इस वेरिएंट की पहचान सबसे पहले नवंबर 2024 में दक्षिण अफ्रीका में हुई थी। इसके बाद यह कई देशों तक पहुंच गया और अमेरिका के कई राज्यों में भी इसकी मौजूदगी दर्ज की गई है।
‘सिकाडा’ नाम इस वेरिएंट को इसलिए दिया गया क्योंकि यह लंबे समय तक छिपा रहता है और अचानक तेजी से फैल सकता है। इसमें 70 से ज्यादा म्यूटेशन पाए गए हैं, जो इसे अन्य वेरिएंट्स से अलग बनाते हैं और संभावित रूप से इम्युनिटी को प्रभावित कर सकते हैं। हालांकि, अभी तक गंभीर बीमारी या मौत के मामलों में बढ़ोतरी के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं।
भारत में फिलहाल इस वेरिएंट का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन विशेषज्ञ सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। इसके लक्षण सामान्य फ्लू जैसे ही हैं, जैसे गले में खराश, खांसी, बुखार, थकान और कभी-कभी पेट संबंधी दिक्कतें। बचाव के लिए मास्क पहनना, हाथों की सफाई रखना, लक्षण दिखने पर जांच कराना और वैक्सीनेशन अपडेट रखना जरूरी है।









