केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई के लिए बड़ी राहत दी है। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया निधि के तहत राज्य को 107.15 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता जारी की है। यह वित्तीय मदद विशेष रूप से वर्ष 2024 में आई विनाशकारी बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रदान की गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की सिफारिश के बाद यह सहायता राशि जारी की गई है। ‘
मंत्रालय ने 11 अप्रैल को ही इस संबंध में अपनी संस्तुति वित्त मंत्रालय को भेज दी थी। अब, मंत्रालय के उप सचिव गंधर्व वजूभाई पटेल ने हिमाचल प्रदेश सरकार के वित्त सचिव को इस बारे में औपचारिक पत्र भेज दिया है। पत्र में यह स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि भारतीय रिजर्व बैंक इस सहायता राशि को सीधे राज्य सरकार के खाते में हस्तांतरित करेगा।
केंद्र सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस धनराशि का उपयोग केवल एनडीआरएफ के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किया जाएगा, जो 15वें वित्त आयोग द्वारा जारी किए गए हैं। राज्य सरकार को इस राशि के उपयोग के संबंध में उठाए गए कदमों की जानकारी मंत्रालय के संबंधित विभाग को देनी होगी। इस महत्वपूर्ण आपदा राहत राशि की जानकारी नई दिल्ली स्थित हिमाचल सरकार के आवासीय आयुक्त और महालेखाकार कार्यालय को भी भेज दी गई है।
