National

3 फरवरी से आम लोगों के लिए खुलेगा राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान, 31 मार्च तक कर सकेंगे सैर

राष्ट्रपति भवन स्थित प्रसिद्ध अमृत उद्यान को इस वर्ष 3 फरवरी 2026 से आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा। राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, उद्यान 31 मार्च 2026 तक दर्शकों के लिए उपलब्ध रहेगा। इस दौरान लोग सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उद्यान का भ्रमण कर सकेंगे। अंतिम प्रवेश शाम 5 बजकर 15 मिनट पर होगा।

रखरखाव कार्यों के कारण हर मंगलवार को उद्यान बंद रहेगा। इसके अलावा होली के अवसर पर 4 मार्च को भी आम लोगों के लिए प्रवेश नहीं होगा। राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि अमृत उद्यान में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इच्छुक लोग राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पहले से बुकिंग कर सकते हैं।

सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास राष्ट्रपति भवन परिसर के गेट नंबर 35 से निर्धारित किया गया है। लोगों की सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक हर 30 मिनट में शटल बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। यह सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी, जिसे ‘अमृत उद्यान शटल सेवा’ के बैनर से पहचाना जा सकेगा।