आइकॉनिक फिल्म 3 इडियट्स का सीक्वल बनने जा रहा है, और सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि पहली फिल्म की पूरी स्टारकास्ट—आमिर खान, करीना कपूर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी—एक बार फिर साथ नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन पहले की तरह राजकुमार हिरानी करेंगे, जबकि प्रोडक्शन की जिम्मेदारी हिरानी, विधु विनोद चोपड़ा और आमिर खान मिलकर संभालेंगे।
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की स्क्रिप्ट लॉक हो चुकी है और शूटिंग 2026 की दूसरी छमाही में शुरू होने की योजना है। सूत्रों के अनुसार, कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहां 2009 में रिलीज हुई पहली फिल्म खत्म हुई थी। लगभग 15 साल बाद रैंचो, फरहान, राजू और पिया अपनी-अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ चुके हैं लेकिन एक नए एडवेंचर के लिए फिर से मिलेंगे। यानी दर्शकों को नॉस्टैल्जिया के साथ-साथ इन किरदारों की आगे बढ़ चुकी जिंदगी की नई मजेदार झलक भी देखने को मिलेगी।
इसी के साथ आमिर और करीना की जोड़ी भी एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने लौट रही है। ‘3 इडियट्स’ को आज भी कल्ट क्लासिक माना जाता है। यह 200 करोड़ क्लब में सबसे पहले प्रवेश करने वाली भारतीय फिल्म बनी थी। अब इसके सीक्वल से फैंस की उम्मीदें पहले से कहीं ज्यादा हैं।









