World

थाईलैंड–कंबोडिया संघर्ष तीसरे दिन भी जारी, 5 लाख से अधिक लोग बेघर

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा पर संघर्ष तीसरे दिन भी तेज बना हुआ है। लगातार हो रहे गोलाबारी और हवाई हमलों के कारण दोनों देशों में अब तक 5 लाख से अधिक लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों पर जाना पड़ा है। इस हफ्ते की शुरुआत से हुए संघर्ष में अब तक कम से कम 13 सैनिक और नागरिक मारे जा चुके हैं।

थाईलैंड के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सुरासंत कोंगसीरी ने बताया कि 400,000 से अधिक लोगों को सात प्रांतों में सुरक्षित आश्रयों में पहुंचाया गया है। सीमा क्षेत्रों में लगातार हमलों को देखते हुए बड़े पैमाने पर निकासी की गई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, थाई F-16 लड़ाकू विमानों ने कंबोडिया के दो क्षेत्रों पर हमले किए जबकि कंबोडियाई सेना की ओर से भी 12 से अधिक थाई क्षेत्रों पर रॉकेट और तोपों से जवाबी फायरिंग जारी रही।

संघर्ष लगभग सभी सीमा प्रांतों में फैल गया है। अकेले सुरिन में पांच स्थानों पर गोलीबारी की पुष्टि हुई है जिससे हजारों लोग पलायन कर चुके हैं। फिलहाल सीमा पर तनाव जारी है और दोनों देशों में दहशत का माहौल बना हुआ है।