महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों ने करीब दो दशक बाद ठाकरे परिवार को फिर एक मंच पर ला खड़ा किया है। बीएमसी चुनाव को लेकर उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने गठबंधन का ऐलान किया है। इस मौके पर मुंबई के दादर स्थित शिवसेना भवन में दोनों दलों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साझा घोषणापत्र जारी किया। 20 साल बाद राज ठाकरे का शिवसेना भवन पहुंचना सियासी रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।
घोषणापत्र में मुंबईकरों के लिए अगले पांच वर्षों में एक लाख सस्ते घर, नगर निगम की जमीन निजी बिल्डरों को न देने, और कर्मचारियों व मिल मजदूरों को आवास उपलब्ध कराने जैसे बड़े वादे किए गए हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में नए मेडिकल कॉलेज, मुफ्त जेनेरिक दवाएं, 24×7 हेल्थ सेवाएं और नगर निगम का कैंसर अस्पताल बनाने का ऐलान किया गया है। उद्धव ठाकरे ने गठबंधन पर खुशी जताते हुए बीजेपी पर लोकतंत्र को कमजोर करने के आरोप लगाए। वहीं राज ठाकरे ने महाराष्ट्र की पहचान और भविष्य को लेकर चेतावनी दी। दोनों नेताओं ने कहा कि यह गठबंधन मुंबई और महाराष्ट्र के हितों की रक्षा के लिए है।









