एलन मस्क की इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी टेस्ला ने भारत में अपनी पहली इंटर्नशिप प्रोग्राम की शुरुआत कर दी है। इसके तहत टेस्ला देश के 8 बड़े शहरों — दिल्ली, मुंबई, गुरुग्राम, हैदराबाद, चेन्नई, बेंगलुरु, पुणे और अहमदाबाद — में कॉलेज स्टूडेंट्स को इंटर्न के तौर पर हायर कर रही है। यह इंटर्नशिप खासतौर पर सेल्स इंटर्न के लिए है, जहां छात्रों को टेस्ला की फ्रंटलाइन टीम के साथ काम करने का मौका मिलेगा। इंटर्न्स टेस्ला शोरूम में आने वाले ग्राहकों को ब्रांड, उसके इलेक्ट्रिक वाहनों और सस्टेनेबल एनर्जी के मिशन के बारे में जानकारी देंगे।
इंटर्नशिप के दौरान छात्र सेल्स ट्रेनी के तौर पर काम करेंगे। वे कस्टमर प्रोफाइल बनाना, टेस्ला प्रोडक्ट्स और सर्विसेज समझाना, टेस्ट ड्राइव शेड्यूल करना और कस्टमर एक्सपीरियंस बेहतर बनाने में भूमिका निभाएंगे। टेस्ला का यह इंटर्नशिप प्रोग्राम भारत में कंपनी के रिटेल और मैन्युफैक्चरिंग रोडमैप को तैयार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। कॉलेज स्टूडेंट्स के लिए यह दुनिया की सबसे बड़ी EV कंपनियों में से एक के साथ काम करने का सुनहरा अवसर है।









