National

दुबई एयर शो में तेजस लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, जानें फाइटर जेट की खासियतें

दुबई में शुक्रवार को आयोजित एयर शो में एक बड़ा हादसा देखने को मिला, जब भारत का स्वदेशी लड़ाकू विमान एचएएल तेजस प्रदर्शन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:10 बजे यह विमान शो में अपना डेमो दे रहा था, तभी नियंत्रण खोकर गिर पड़ा। घटना इतनी भीषण थी कि विमान के पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इस अत्याधुनिक विमान की क्षमताओं और तकनीक को लेकर लोगों में एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है।

तेजस भारतीय तकनीक पर आधारित 4.5 जनरेशन का मल्टी-रोल फाइटर जेट है, जिसे हर मौसम में ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया है। इसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने भारतीय वायुसेना के पुराने मिग-21 विमानों की जगह लेने के उद्देश्य से विकसित किया है। यह हवाई युद्ध, नजदीकी मुकाबलों और जमीनी हमलों में बेहतरीन प्रदर्शन करने की क्षमता रखता है।

तेजस का MK-1A वर्जन इसका सबसे उन्नत मॉडल है, जिसमें AESA रडार, आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम, मल्टी-फंक्शन डिस्प्ले और कई डिजिटल अपग्रेड शामिल किए गए हैं। 2001 में पहली टेस्ट फ्लाइट के बाद से यह लगभग 23 सालों में तेजस से जुड़ा पहला बड़ा हादसा माना जा रहा है। भारतीय वायुसेना ने 2016 में इसे अपनी 45वीं स्क्वाड्रन “फ्लाइंग डैगर्स” में शामिल किया था।