दुनिया की बड़ी अमेरिकी आईटी कंपनी Oracle Corporation ने हाल ही में 30,000 कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की है, जिसमें भारत में लगभग 12,000 कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। यह कुल छंटनी का करीब 40 प्रतिशत है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले एक महीने में कंपनी और अधिक छंटनी कर सकती है।
भारत में Oracle के कुल कर्मचारियों की संख्या लगभग 30,000 बताई जा रही है। छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों ने इस जानकारी की पुष्टि की है, हालांकि कंपनी ने इस मामले पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है। कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को ईमेल भेजकर बताया कि संगठन में बदलाव और ऑपरेशन्स को सरल बनाने के कारण कुछ पद समाप्त किए जा रहे हैं।
छंटनी के साथ कर्मचारियों के लिए सेवरेंस पैकेज का ऐलान किया गया है। इसमें एक साल की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को 15 दिन की सैलरी, टर्मिनेशन डेट तक की सैलरी, लीव इनकैशमेंट, पात्रता अनुसार ग्रेच्युटी और एक महीने के नोटिस पीरियड की सैलरी शामिल है। इसके अलावा, आपसी सहमति से इस्तीफा देने वाले कर्मचारियों को दो महीने की अतिरिक्त सैलरी भी दी जाएगी।
कंपनी के पूर्व कर्मचारी मेरुगु श्रीधर ने बताया कि अमेरिका में कड़े श्रम कानूनों के कारण स्थानीय कर्मचारियों की तुलना में भारतीय कर्मचारियों पर असर ज्यादा पड़ा। Oracle की यह छंटनी न सिर्फ भारत में बल्कि वैश्विक आईटी सेक्टर के लिए भी चिंता का विषय बनती जा रही है। सितंबर 2025 में कंपनी ने पहले भी 3,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी।









