भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के आगामी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय वनडे शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। इस घोषणा के साथ ही साफ हो गया है कि भारतीय टीम अगले 10 महीनों में कुल 20 वनडे मैच खेलेगी। यह खबर खासतौर पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है, क्योंकि दोनों दिग्गज अब केवल वनडे फॉर्मेट में ही खेलते हैं। आईपीएल के बाद टीम इंडिया जून में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इसके बाद जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर भी तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। वहीं, सितंबर-अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज भारत में आयोजित होगी।
नवंबर-दिसंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसका पूरा शेड्यूल अभी जारी होना बाकी है। इसके अलावा, दिसंबर में श्रीलंका और जनवरी में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन-तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। इस तरह 20 वनडे मैचों का यह लंबा शेड्यूल 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। कोहली और रोहित के लिए यह समय अपनी फॉर्म और टीम संयोजन को मजबूत करने का सुनहरा मौका होगा।









