National

तालिबान के विदेश मंत्री आमिर मुत्तकी का भारत दौरा, भारत-अफगान रिश्तों में नया मोड़

तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी 9 से 16 अक्टूबर के बीच भारत का दौरा करेंगे. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की मंजूरी के बाद उन्हें यह यात्रा करने की अनुमति मिली है. यह तालिबान के 2021 में अफगानिस्तान की सत्ता में आने के बाद किसी शीर्ष नेता की भारत की पहली यात्रा होगी. इसे भारत-अफगानिस्तान संबंधों को फिर से मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. भारत रवाना होने से पहले मुत्तकी 6 अक्टूबर को रूस में ‘मॉस्को फॉर्मेट’ की बैठक में शामिल होंगे, जहां तालिबान पहली बार बतौर सदस्य भाग लेगा.

मुत्तकी ने इसे क्षेत्रीय सहयोग के लिए अहम अवसर बताया है. तालिबान के अन्य नेताओं ने भी भारत के साथ बेहतर संबंधों की वकालत की है. तालिबान का मानना है कि व्यापार, विकास और मानवीय सहयोग बढ़ाने में ऐसे दौरे अहम भूमिका निभाते हैं. भारत ने भी तालिबान को औपचारिक मान्यता दिए बिना अफगान जनता को लगातार सहायता प्रदान की है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिस्री पहले ही मुत्तकी से वार्ताएं कर चुके हैं. यदि यह यात्रा सफल होती है, तो यह दोनों देशों के रिश्तों में नया मोड़ ला सकती है.