T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड की शुरुआत के साथ ही बारिश का खतरा भी मंडराने लगा है। खासकर कोलंबो में लगातार बारिश को देखते हुए फैंस और टीमों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर सुपर-8 का कोई मैच बारिश के कारण रद्द हो जाता है तो क्या होगा। इस राउंड में भारत, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमें पहुंची हैं, और हर मैच सेमीफाइनल की रेस के लिहाज से बेहद अहम है।
ICC के नियमों के अनुसार, T20 मैच में परिणाम निकालने के लिए कम से कम दोनों टीमों को 5-5 ओवर खेलना जरूरी होता है। अंपायर और मैच अधिकारियों की कोशिश यही रहती है कि हर हाल में मैच पूरा कराया जाए ताकि नतीजा निकल सके। लेकिन अगर बारिश के कारण मैच 5-5 ओवर भी नहीं हो पाता, तो मुकाबला रद्द कर दिया जाएगा और दोनों टीमों को 1-1 अंक मिल जाएगा। ऐसे हालात में नेट रन रेट पर भी कोई असर नहीं पड़ेगा।
सुपर-8 राउंड में रिज़र्व डे की कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिए हर मैच टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हर टीम को इस राउंड में तीन मैच खेलने होते हैं और हर जीत के दो अंक मिलते हैं। बारिश से मैच रद्द होने पर टीमों को जीत का मौका गंवाना पड़ सकता है, जो सेमीफाइनल की रेस में बड़ा झटका साबित हो सकता है। इससे पहले जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच एक मैच बारिश के कारण पूरी तरह रद्द हो चुका है, जिसमें दोनों टीमों को 1-1 अंक दिया गया था।









