National Technology

AI समिट 2026 में शामिल होंगे सुंदर पिचाई, पीएम मोदी से की मुलाकात

नई दिल्ली में आयोजित हो रहे India AI Impact Summit 2026 में भाग लेने के लिए गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई भारत पहुंचे हैं। बुधवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पिचाई 20 फरवरी को समिट में कीनोट संबोधन देंगे। भारत आगमन पर उन्होंने कहा कि AI इम्पैक्ट समिट के लिए वापस आकर अच्छा लग रहा है और हमेशा की तरह गर्मजोशी से स्वागत मिला है। 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित यह समिट ग्लोबल साउथ में अपनी तरह का पहला बड़ा AI सम्मेलन माना जा रहा है। इसमें 110 से अधिक देशों, 30 अंतरराष्ट्रीय संगठनों और कई राष्ट्राध्यक्षों व मंत्रियों की भागीदारी हो रही है। समिट का मुख्य फोकस AI गवर्नेंस, सुरक्षा और समावेशी विकास पर है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भारत के आईटी सेक्टर को खत्म नहीं कर रहा, बल्कि उसे नई दिशा दे रहा है। उन्होंने अनुमान जताया कि 2030 तक भारत का आईटी सेक्टर 400 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है, जिसमें AI आधारित आउटसोर्सिंग और ऑटोमेशन की अहम भूमिका होगी। नौकरियों पर संभावित असर के सवाल पर उन्होंने कहा कि तैयारी ही डर का सबसे अच्छा समाधान है और हर तकनीकी बदलाव नए अवसर लेकर आता है। समिट ने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की है। जिम्मेदार AI उपयोग के लिए 24 घंटे के भीतर 2,50,946 छात्रों की प्रतिबद्धता दर्ज की गई, जिससे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी जगह मिली। केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे प्रधानमंत्री के विजन का परिणाम बताया, जिसके तहत स्कूलों और कॉलेजों में जिम्मेदार AI उपयोग के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया।

प्रधानमंत्री ने ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की भावना के साथ AI को मानवता के कल्याण के लिए उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि AI एक सभ्यतागत बदलाव का दौर है, जो मानव क्षमताओं को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है, बशर्ते इसे सही दिशा में मार्गदर्शित किया जाए।