BBN Himachal

एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर बद्दी में छात्रों ने व्यवसायिक कौशल सीखे

हिमाचल प्रदेश सरकार और उद्योग विभाग के सहयोग से एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर, बद्दी में “राइजिंग एंड एक्सेलेरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (रैंप)” कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में उद्यमिता की सोच विकसित करना और उन्हें भविष्य में सफल व्यवसायी बनने के लिए प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर बिलासपुर क्षेत्र के जाने-माने उद्यमी मुकेश धीमान ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने अपने व्यवसाय की शुरुआत, प्रारंभिक कठिनाइयों और सफलता की कहानी साझा करते हुए छात्रों को व्यवसाय के विभिन्न पहलुओं जैसे योजना निर्माण, जोखिम प्रबंधन और नवाचार के महत्व से अवगत कराया। प्रोजेक्टर की मदद से उन्होंने उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को भी समझाया।

छात्रों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का जवाब देते हुए मुकेश धीमान ने आत्मविश्वास, सीखने की निरंतर इच्छा और जोखिम लेने की क्षमता को किसी भी सफल उद्यम की आधारशिला बताया। इसके अलावा, एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर बद्दी के प्रभारी ने छात्रों को उद्योगों की जरूरतों और उपलब्ध सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया और इसे अत्यंत लाभकारी एवं प्रेरणादायक बताया।