रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार रात भारत पहुंचे, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया। पुतिन दिल्ली में ठहरकर कई अहम राजनयिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके दौरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को राजधानी में विशेष ट्रैफिक योजना लागू की है। पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें और विशेषकर हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और ISBT जाने वाले लोग अपनी यात्रा पहले से तय कर लें।
पुतिन के कार्यक्रमों के दौरान मदर टेरेसा क्रेसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, जनपथ, प्रगति मैदान सुरंग और ITO चौक सहित कई मार्गों पर कड़े ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक डब्ल्यू प्वाइंट, आईटीओ चौक, बीएसजेड मार्ग, दिल्ली गेट, राजघाट क्रॉसिंग, हनुमान सेतु, नेताजी सुभाष मार्ग और विकास मार्ग पर आवागमन सीमित रहेगा। प्रगति मैदान सुरंग से हनुमान सेतु की ओर जाने वाला मार्ग भी अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
इसके अलावा, कई महत्वपूर्ण सड़कों पर पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में खड़े वाहनों को तुरंत हटाया जाएगा और चालान किया जाएगा। यात्रियों को पृथ्वीराज रोड, डीडीयू मार्ग, आसफ अली रोड और मौलाना आजाद रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।









