Business

मिडिल ईस्ट तनाव के असर से शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स-निफ्टी में भारी गिरावट

सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव, खासकर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के चलते निवेशकों का भरोसा डगमगा गया। इसका सीधा असर बाजार खुलते ही दिखा, जब बीएसई सेंसेक्स 1800 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी में भी करीब 575 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर 74,532 के मुकाबले गिरकर करीब 73,700 पर खुला और कुछ ही मिनटों में यह गिरकर 72,700 के आसपास पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी 23,114 के स्तर से फिसलकर 22,800 के नीचे खुला और जल्द ही 22,500 के करीब आ गया। इस भारी गिरावट से निवेशकों में घबराहट का माहौल बन गया।

बाजार में गिरावट का असर सभी बड़े शेयरों पर पड़ा। बीएसई के लार्जकैप शेयरों में लगभग सभी कंपनियां लाल निशान में कारोबार करती दिखीं। टाटा स्टील, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, इंडिगो, टाइटन, बीईएल और अडानी पोर्ट्स जैसे प्रमुख शेयरों में 2 से 4 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने बाजार की धारणा को कमजोर किया है। इसके अलावा एशियाई और यूरोपीय बाजारों से भी नकारात्मक संकेत मिले, जिससे भारतीय बाजार पर दबाव और बढ़ गया।