न्यूज़ फ्लिक्स भारत। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह सोमवार को औद्योगिक क्षेत्र बद्दी पहुंचे। वह आज सोलन जिला के नालागढ़ उपमंडल के बद्दी में भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा विश्व मानक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वैश्विक तथा राष्ट्रीय स्तर पर लोगों को उच्च स्तर की सुविधाएं, उत्पाद एवं सेवाएं प्रदान करने में मानकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि मानक हम सभी को गुणवत्तायुक्त जीवन प्रदान करने में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य की आयु बढ़ाने और पृथ्वी पर पर्यावरण एवं जल संरक्षण की दिशा में स्थापित मानक विशेष भूमिका निभाते हैं। स्थापित मानक सबसे पहले विशेषज्ञों द्वारा परखे जाते हैं और फिर राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें अपनाया जाता है।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि आज विश्व मानक दिवस है। यह दिवस वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए मानकीकरण के महत्व के रूप में नियामकों, उद्योग और उपभोक्ताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। मानकों के तकनीकी लाभ हैं और इससे उत्पादों तथा सेवाओं को बेहतर बनाने तथा इनसे जुड़े उद्योगों को अधिक कुशल बनाने में सहायता मिलती है। आज के प्रतियोगी समय में मानक न केवल उत्पादों को श्रेष्ठ बनाते हैं अपितु जन-जन को बेहतर सेवाएं प्रदान कर एक सुरक्षित समाज के निर्माण में भी उपयोगी भूमिका निभाते हैं। हिमाचल प्रदेश में सभी क्षेत्रों में उचित गुणवत्ता प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित मानकों को अपनाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं में मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित बनाया जा रहा है। शहरी विकास विभाग आवास निर्माण प्रक्रिया में न केवल मानकों का पालन करता है, बल्कि पर्यावरण और जल संरक्षण के लिए अधोसंरचना निर्माण का भी ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर अधिकारियों को कार्यों में उचित गुणवत्ता बनाए रखने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में विकास के अनुरूप मानकों का पालन सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
विक्रमादित्य ने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे सरसा पुल, 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 50 बिस्तर वाले नागरिक अस्पताल बद्दी तथा 4 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरोटीवाला का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि इन सभी निर्माण कार्यों का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा लोकार्पण किया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोग इनसे लाभान्वित हो सके।
