एशिया कप 2025 के सुपर-4 में मंगलवार को श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमें एक-दूसरे से भिड़ेंगी, जहां दोनों के सामने “करो या मरो” की स्थिति होगी. सुपर-4 में अब तक कोई जीत न मिलने के कारण यह मुकाबला दोनों के लिए बेहद अहम बन गया है. श्रीलंका ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपराजित रहते हुए क्वालिफाई किया था, लेकिन सुपर-4 के पहले ही मैच में बांग्लादेश के खिलाफ 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी. यह हार उनकी जीत की लय तोड़ने के साथ-साथ आत्मविश्वास को भी झटका दे गई. वहीं पाकिस्तान, जो पहले ही भारत से दो बार हार चुका है, मैदान से ज्यादा बाहर की खबरों को लेकर चर्चा में रहा है. कप्तान सलमान अली आगा की टीम पर प्रदर्शन सुधारने का जबरदस्त दबाव है.
श्रीलंका की टीम में बल्लेबाजी के मध्यक्रम को लेकर चिंता बनी हुई है. हालांकि दासुन शनाका की लड़खड़ाती पारी ने थोड़ी राहत दी है. पथुम निसांका फॉर्म में नहीं हैं, लेकिन कुसल मेंडिस और कामिल मिशारा टीम को मजबूती दे रहे हैं. वानिंदु हसरंगा और दुनिथ वेल्लालगे की वापसी से गेंदबाजी में धार आई है. पाकिस्तान की संभावित टीम में शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ जैसे गेंदबाज मौजूद हैं, लेकिन उन्हें मैच जिताऊ प्रदर्शन दिखाना होगा. दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला सेमीफाइनल की उम्मीदें ज़िंदा रखने का आखिरी मौका है.









