National Technology

ब्रह्मोस का धमाकेदार परीक्षण: भारतीय सेना की लंबी दूरी की प्रहार क्षमता हुई और मजबूत

भारतीय सेना ने सोमवार को बंगाल की खाड़ी में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया जिससे देश की लंबी दूरी तक सटीक प्रहार करने की क्षमता और अधिक मजबूत हुई है। यह परीक्षण सेना की साउदर्न कमांड की ब्रह्मोस यूनिट ने अंडमान एवं निकोबार कमांड के सहयोग से किया है। सेना के अनुसार, मिसाइल ने अपने निर्धारित लक्ष्य को पूरी सटीकता से भेदा। परीक्षण के दौरान इसके नेविगेशन, गाइडेंस और कंट्रोल सिस्टम ने अपेक्षित प्रदर्शन किया। इस सफलता ने यह स्पष्ट कर दिया कि ब्रह्मोस यूनिट किसी भी वास्तविक समय के मिशन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम भारत और रूस की संयुक्त विकसित परियोजना है जिसे दुनिया की सबसे तेज सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों में गिना जाता है। इसकी मारक दूरी अब 300 किलोमीटर से अधिक तक पहुंच चुकी है जिसे भूमि, समुद्र और हवा से लॉन्च किया जा सकता है।साउदर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता भविष्य की उन परिस्थितियों में निर्णायक भूमिका निभाएगी जहां तेज और सटीक प्रतिक्रिया की आवश्यकता होगी।