हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष राहत पैकेज को मंजूरी दे दी है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि इस पैकेज के तहत मकान क्षतिग्रस्त होने पर सात लाख रुपये की मदद दी जाएगी। मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने पर एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा दुकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त होने पर एक लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि गाय या भैंस की मौत होने पर 55 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। पशुघर निर्माण के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मकान से सिल्ट निकालने के लिए 50 हजार रुपये दिए जाएंगे राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि कांग्रेस सरकार राहत मैन्युअल के अनुसार आपदा प्रभावितों की मदद कर रही है। यह विशेष पैकेज आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लागू होगा। यह फैसला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। इस पैकेज का उद्देश्य आपदा से प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है।
