Delhi

बोर्ड छात्रों के लिए दिल्ली मेट्रो का खास इंतजाम: एडमिट कार्ड दिखाएं, मिलेगी प्राथमिकता

सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था की घोषणा की है। बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 10 अप्रैल 2026 तक चलेंगी। परीक्षा के दौरान समय पर केंद्र पहुंचना छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है, लेकिन सुबह के समय मेट्रो स्टेशनों पर भारी भीड़ के कारण अक्सर देरी की आशंका बनी रहती है। छात्रों की इसी परेशानी को देखते हुए डीएमआरसी ने परीक्षा अवधि के दौरान प्राथमिकता सुविधा देने का फैसला किया है। जिन छात्रों के पास वैध सीबीएसई एडमिट कार्ड होगा, उन्हें मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच में प्राथमिकता दी जाएगी।

सीआईएसएफ कर्मी एडमिट कार्ड दिखाने वाले छात्रों की जांच पहले करेंगे, जिससे उन्हें लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। इसके अलावा टिकट काउंटर पर भी छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। एडमिट कार्ड दिखाने पर उन्हें टिकट लेने में सहूलियत मिलेगी और वे जल्दी ट्रेन पकड़ सकेंगे। दिल्ली मेट्रो ने आम यात्रियों से भी अपील की है कि वे परीक्षा के दिनों में छात्रों को सहयोग दें और उन्हें आगे जाने दें, ताकि कोई भी छात्र ट्रैफिक या भीड़ के कारण अपनी परीक्षा से वंचित न रह जाए।