नई दिल्ली | 16 जून 2025
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को रविवार रात पेट से जुड़ी समस्या के कारण दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में उन्हें निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, 78 वर्षीय सोनिया गांधी को रात करीब 9 बजे भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इससे पहले, 7 जून को भी उन्हें हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कुछ सामान्य जांचों के लिए भर्ती किया गया था।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने जानकारी दी थी कि सोनिया गांधी को मामूली स्वास्थ्य समस्याओं के चलते नियमित जांच के लिए अस्पताल लाया गया था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 9 जून को सोनिया गांधी ने सर गंगा राम अस्पताल में मेडिकल जांच करवाई थी। इससे दो दिन पूर्व उन्होंने उच्च रक्तचाप की शिकायत के बाद शिमला में कुछ परीक्षण कराए थे।
फिलहाल कांग्रेस पार्टी या अस्पताल की ओर से कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि उनकी तबीयत स्थिर और नियंत्रण में है।