World

भारत-बांग्लादेश रिश्तों में तनाव के संकेत, ढाका ने उच्चायुक्त को आपात बैठक के लिए तलब किया

भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों में बढ़ती तल्खी के बीच एक अहम कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह को ढाका ने आपात आधार पर तलब किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह सोमवार देर रात बांग्लादेश की राजधानी पहुंच चुके हैं। बांग्लादेश के प्रमुख अखबार प्रथम आलो ने विदेश मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से बताया कि भारत-बांग्लादेश संबंधों में हालिया घटनाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उच्चायुक्त को मौजूदा हालात पर विस्तृत चर्चा और परामर्श के लिए बुलाया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, ढाका में होने वाली बातचीत में द्विपक्षीय रिश्तों की स्थिति, भविष्य की रणनीति और सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर विचार किया जाएगा। बांग्लादेश सरकार का कहना है कि किसी भी तरह की गलतफहमी को बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए। कूटनीतिक हलकों में इस कदम को दोनों देशों के बीच संवाद बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

इसी बीच बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का मामला भी सामने आया है। पिरोजपुर जिले में एक हिंदू परिवार के पांच घरों में आगजनी की घटना हुई, जिसमें कई लोग बाल-बाल बचे। पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है। यह घटनाक्रम भी दोनों देशों के रिश्तों को लेकर चिंता बढ़ा रहा है।