सिया हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी विकास पटियाल को सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सरकाघाट कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। पुलिस अब इस मामले की जांच को अंतिम चरण में ले जाने के लिए दस्तावेजी, तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों पर फोकस कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस संभावना पर काम कर रही है कि आरोपी मां के साथ विवाद के बाद गुस्से में हत्या की नीयत से निकला था। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और नए तथ्य सामने आने पर इसकी दिशा बदली भी जा सकती है।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और शुरुआती जांच लगभग पूरी कर ली है। अब तक जुटाए गए सबूतों का मिलान किया जा रहा है, ताकि अदालत में मजबूत केस प्रस्तुत किया जा सके। जरूरत पड़ने पर आरोपी को दोबारा पुलिस रिमांड पर लिया जा सकता है। फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक और तकनीकी रिपोर्ट्स का इंतजार कर रही है, जिनके आधार पर जांच को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद जल्द ही चार्जशीट अदालत में दाखिल की जाएगी। गौरतलब है कि 13 अप्रैल को नैण गांव से सरकाघाट कॉलेज जा रही एक छात्रा की बैंजी गांव में दराट से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।









