अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद ईरान-इजराइल संघर्ष तेज हो गया है, जिसका असर अब भारत के Jammu and Kashmir में भी दिखाई दे रहा है। कश्मीर घाटी में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों के बाद प्रशासन ने सभी जिलों में एहतियाती पाबंदियां लागू कर दी हैं। आज पूरे कश्मीर में बाजार बंद हैं और हालात पर नजर रखने के लिए सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर तैनात हैं। रविवार को घाटी के कई इलाकों में प्रदर्शन हुए थे। इसके बाद प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए। स्कूल और कॉलेजों को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। सड़कों पर आवाजाही सीमित है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
मुख्यमंत्री Omar Abdullah ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि हालात नियंत्रण में हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इस बीच डोडा की जामिया मस्जिद के इमाम खालिद नजीब सुहरावर्दी ने विरोध के मद्देनज़र बाजार बंद रखने की अपील की है। प्रशासन और धार्मिक नेताओं की अपील का असर साफ दिख रहा है, ज्यादातर जिलों में पूर्ण बंद का माहौल है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पाबंदियों का उद्देश्य केवल शांति और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। स्थिति की समीक्षा लगातार की जा रही है और जरूरत के मुताबिक आगे के कदम उठाए जाएंगे।









