Himachal

शिमला मस्जिद केस:  हिंदू संगठन के नेता कमल गौतम को पुलिस ने हिरासत में लिया

न्यूज़ फ्लिक्स भारत, हिमाचल। शिमला के संजौली में मस्जिद के अवैध निर्माण को लेकर पूरे शहर में पुलिस बल की तैनाती की गई है. संजौली में 10 किलोमीटर के दायरे में पुलिस तैनात की गई है. वहीं, शोघी में भी नाकाबंदी की गई है. बता दें कि संजौली में हिंदू संगठन के नेता कमल गौतम अपने समर्थकों के साथ पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने संजौली चौक पर रोक लिया.

कमल गौतम ने कहा कि मैं अकेला आया हूं और हिंदू समाज के आवाहन पर आया हूं. उहोंने कहा कि मैं आगे जाउंगा और हिंदू समाज जो कहेगा, मैं वो करूंगा. इसी दौरान हिंदू संगठनों ने नारेबाजी शुरु कर दी और पुलिस ने कमल गौतम को हिरासत में ले लिया.

वहीं, हिंदू संगठनों के संजौली चौक पर पहुंचने पर पुलिस ने अब संजौली बाजार में दुकानों को बंद करवा दिया है. अब प्रदर्शनकारी संजौली से दो किलोमीटर दूर ढली में जुट रहे हैं. बता दें कि पुलिस ने ढली टनल को बंद कर दिया है और ढली में वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है.

मस्जिद में अवैध निर्माण को लेकर हो रहे विवाद का असर अब सोलन में भी देखने को मिल रहा है. सोलन में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जा रहा है. सोलन से लेकर परवाणु तक नाके लगाए गए हैं. हर आने जाने वाले वाहन को चेक किया जा रहा है.