कांग्रेस सांसद शशि थरूर काफी समय बाद पार्टी की अहम बैठक में शामिल होते नजर आए। तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर हालिया कई बैठकों से अनुपस्थित रहे थे, जिसके चलते उनके पार्टी से नाराज होने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। शनिवार को जब वे कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक में शामिल होने पार्टी मुख्यालय पहुंचे, तो मीडिया की निगाहें उन्हीं पर टिकी रहीं। उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन किया और बिना कोई बयान दिए बैठक के लिए अंदर चले गए।
गौरतलब है कि थरूर ने कांग्रेस की पिछली दो अहम बैठकों में हिस्सा नहीं लिया था। संसद के शीतकालीन सत्र की रणनीति को लेकर बुलाई गई बैठक और 18 नवंबर को आयोजित पार्टी की एक अन्य महत्वपूर्ण बैठक में भी वे मौजूद नहीं थे। यहां तक कि संसद सत्र के दौरान राहुल गांधी द्वारा बुलाई गई लोकसभा सांसदों की बैठक में भी उनकी गैरहाजिरी रही थी।
हर बार थरूर ने अपनी अनुपस्थिति के पीछे पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं का हवाला दिया था। शीतकालीन सत्र की बैठक के दौरान उन्होंने बताया था कि वे केरल में अपनी बुजुर्ग मां के साथ हैं। हाल के महीनों में थरूर के कुछ बयान और कार्यक्रम पार्टी की आधिकारिक लाइन से अलग माने गए, जिससे अटकलें और तेज हुईं। हालांकि, अब बैठक में उनकी मौजूदगी से इन चर्चाओं पर विराम लगता नजर आ रहा है।









