अफगानिस्तान में 31 अगस्त की रात आए जोरदार भूकंप ने भारी तबाही मचाई है. पाकिस्तान सीमा के पास पूर्वी अफगानिस्तान में आए इस भूकंप की तीव्रता भले ही रिक्टर स्केल पर 6.0 मापी गई, लेकिन इससे जान-माल का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है. तालिबान सरकार के अनुसार इस भूकंप में 800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग घायल हुए हैं. सबसे ज्यादा नुकसान कुनार और नंगरहार प्रांतों में हुआ है, जहां कई गांव पूरी तरह तबाह हो गए.
भूकंप रात के समय आया, जब लोग सो रहे थे, जिससे कई लोग मलबे में दब गए. अमेरिकी भूवैज्ञानिक एजेंसी (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जलालाबाद शहर से 27 किलोमीटर दूर था और इसकी गहराई सिर्फ 8 किलोमीटर थी, जिससे झटके काफी तेज महसूस हुए. करीब 20 मिनट बाद एक और झटका आया जिसकी तीव्रता 4.5 थी. भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस त्रासदी पर दुख जताया है और कहा कि भारत इस कठिन समय में अफगानिस्तान की मदद करेगा. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.









