Madhya Pradesh

एमपी में कड़ाके की ठंड: 12 जिलों में अलर्ट, तापमान 3.7°C तक गिरा

मध्यप्रदेश में ठंड और घने कोहरे ने एक बार फिर जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 12 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। खासकर ग्वालियर-चंबल और विंध्य क्षेत्र के कई हिस्सों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में विजिबिलिटी घटकर मात्र 50 मीटर तक सिमट सकती है। वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर में शीतलहर का असर बना हुआ है।

मंगलवार-बुधवार की रात प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। मंदसौर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शाजापुर में 3.8 डिग्री, इंदौर में 4.9 डिग्री और भोपाल में 5.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 19 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसका असर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक देखने को मिलेगा। साथ ही उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सक्रिय जेट स्ट्रीम भी ठंड बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है जो 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर करीब 185 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही है।