Uttar Pradesh

घने कोहरे में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 13 की मौत, 75 घायल

उत्तर प्रदेश के मथुरा में मंगलवार को घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। आगरा–नोएडा कैरिजवे पर माइलस्टोन 127 के पास कम विजिबिलिटी के चलते आठ बसों और तीन कारों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 75 लोग घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घना कोहरा होने के कारण वाहन एक-दूसरे को देख नहीं पाए और एक के बाद एक टकराते चले गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में बसें और कारें आग की लपटों में घिर गईं, जिससे यात्रियों को निकलने का बहुत कम समय मिल सका।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया और राहत-बचाव टीमों ने घायलों को बाहर निकालकर मथुरा और आसपास के जिलों के अस्पतालों में भर्ती कराया। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर घंटों यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी के चलते प्रशासन ने वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।