हरियाणा सरकार के 29 विभागों और बोर्ड-निगमों में कर्मचारियों के ऑनलाइन स्थानांतरण अभियान का दूसरा चरण जल्द शुरू होने वाला है। कुल 271 काडर पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को पसंदीदा स्थान पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा। कर्मचारियों को 20 फरवरी तक अपनी प्रोफाइल का सत्यापन और अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इंट्रा हरियाणा पोर्टल पर सभी नियमित कर्मचारियों का डेटा प्रारंभिक अपडेट शुरू कर दिया गया है। कर्मचारियों को अपने यूजर आईडी से लॉग-इन कर “Preliminary Updation of Data” विकल्प के माध्यम से अपनी जानकारी जांचने और सही करने की आवश्यकता है। यदि किसी जानकारी में कमी या त्रुटि पाई जाती है, तो उसे तुरंत संबंधित प्राधिकारी/चेकर से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज़ जमा कराने होंगे। सही डेटा अपडेट सेवा अवधि, मेरिट अंक और पात्रता निर्धारण के लिए अनिवार्य है। आवश्यकतानुसार कर्मचारियों को न्यायालय के आदेश, मृत्यु प्रमाण पत्र, अधिकृत मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी चिकित्सा प्रमाण पत्र, यूडीआईडी प्रमाण पत्र और अन्य सरकारी दस्तावेज़ संबंधित चेकर को प्रस्तुत करने होंगे।
साथ ही, हरियाणा के महाधिवक्ता और उच्च न्यायालय कार्यालय में प्रवेश के लिए अब ऑनलाइन विजिटिंग पास अनिवार्य किया गया है। किसी भी आधिकारिक कार्य या सुनवाई में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित व्यक्तियों को एलएमएस पोर्टल (https://lmshry.gov.in) के माध्यम से पास बनवाना होगा। आवेदक के पास अपना इंप्लाई आईडी कार्ड होना चाहिए और गेट पास का प्रिंटआउट अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता से सत्यापित कराना आवश्यक है। यह कदम कर्मचारियों के स्थानांतरण और न्यायालय में प्रवेश प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए उठाया गया है।









