Business Technology

सत्य नडेला की कमाई में 22% का इजाफा, जानिए अब कितनी हुई सैलरी

माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सत्य नडेला की कमाई में इस साल बड़ा इजाफा हुआ है। वित्त वर्ष 2025 में उनकी कुल आय 22 फीसदी बढ़कर 9.65 करोड़ डॉलर (लगभग 846 करोड़ रुपये) तक पहुंच गई है।
यह नडेला की अब तक की सबसे अधिक वार्षिक कमाई है, जो उन्होंने कंपनी की बागडोर संभालने के बाद पिछले 10 वर्षों में अर्जित की है।
कंपनी के बोर्ड ने इस वृद्धि का श्रेय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में माइक्रोसॉफ्ट की बड़ी प्रगति को दिया है।


बोर्ड ने बताई वेतन वृद्धि की वजह
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, शेयरधारकों को भेजे गए नोट में कहा गया,

“सत्य नडेला और उनकी नेतृत्व टीम ने इस पीढ़ीगत तकनीकी परिवर्तन के दौर में माइक्रोसॉफ्ट को स्पष्ट रूप से AI के क्षेत्र में अग्रणी स्थिति पर पहुंचाया है।”

वहीं कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) एमी हूड की कमाई बढ़कर 2.95 करोड़ डॉलर (लगभग 258 करोड़ रुपये) हो गई है,
जबकि वाणिज्यिक प्रमुख (Chief Commercial Officer) जडसन अल्थॉफ की आय 2.82 करोड़ डॉलर (लगभग 247 करोड़ रुपये) तक पहुंची है।


वित्त वर्ष 2024 में इतनी थी कमाई
पिछले वित्त वर्ष 2024 में सत्य नडेला का वेतन पैकेज 63% बढ़कर 7.91 करोड़ डॉलर (करीब 694 करोड़ रुपये) रहा था।
उनकी कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा 7.1 करोड़ डॉलर (622 करोड़ रुपये) मूल्य के स्टॉक पुरस्कार से आया था।
इसके अलावा, 52 लाख डॉलर (45.62 करोड़ रुपये) उन्हें गैर-इक्विटी प्रोत्साहन योजना से और 1.69 लाख डॉलर (1.48 करोड़ रुपये) अन्य मुआवजों के रूप में मिले थे।