बॉलीवुड के दमदार कलाकार संजय मिश्रा और नीना गुप्ता एक बार फिर पर्दे पर साथ नज़र आने वाले हैं. साल 2022 की चर्चित थ्रिलर फिल्म ‘वध’ के सीक्वल ‘वध 2’ का इंतज़ार अब खत्म होने वाला है. मेकर्स ने इस फिल्म की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा कर दी है. लव फिल्म्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 17 सेकंड का एक छोटा टीज़र शेयर किया है, जिसमें संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की तस्वीर के साथ लिखा गया है “संघर्ष नया, कहानी नई, क्या गलत और क्या है सही… जानिए 6 फरवरी 2026 को.” यानी, फिल्म 6 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
फिल्म का निर्देशन जसपाल सिंह संधू कर रहे हैं, जिन्होंने इसकी कहानी भी लिखी है. वहीं, इसका निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग कर रहे हैं. फिल्म लव फिल्म्स के बैनर तले तैयार की जा रही है. पहली फिल्म ‘वध’ की कहानी एक सेवानिवृत्त शिक्षक और उनकी पत्नी के इर्द-गिर्द घूमती थी, जो मजबूरी में एक अपराध कर बैठते हैं और उसे छिपाने की कोशिश करते हैं. फिल्म की यथार्थवादी कहानी और संजय मिश्रा के शानदार अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया था. अब ‘वध 2’ में एक नई कहानी और नए ट्विस्ट्स के साथ यह जोड़ी फिर से दर्शकों को बांधने के लिए तैयार है.









