जापान की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, क्योंकि साने ताकाइची नाम की महिला नेता लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) की अध्यक्ष बन गई हैं. यह पहला मौका है जब कोई महिला जापान की सत्ता के इतने करीब पहुंची है. ताकाइची को देश की “आयरन लेडी” कहा जाता है, और उनके नेतृत्व में अब उनके प्रधानमंत्री बनने की संभावना बढ़ गई है.
ताकाइची ने पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री जुनिचिरो कोइजुमी के बेटे और वर्तमान पर्यावरण मंत्री शिंजिरो कोइजुमी को हराया है. शिंजिरो को जापान के सबसे प्रगतिशील नेताओं में गिना जाता है, लेकिन ताकाइची की सख्त और स्पष्ट नीति ने उन्हें मजबूत समर्थन दिलाया.
जापान में प्रधानमंत्री वही बनता है जो संसद में बहुमत पाने वाली पार्टी का नेता होता है. पहले पार्टी अपने अध्यक्ष का चुनाव करती है, फिर वही नेता संसद में प्रधानमंत्री पद के लिए नामित होता है. एलडीपी वर्तमान में संसद की सबसे बड़ी पार्टी है, भले ही उसके पास पूर्ण बहुमत नहीं है.
प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के इस्तीफे के बाद पार्टी को नया चेहरा चुनना था, और इस प्रक्रिया में ताकाइची उभर कर सामने आईं. पार्टी अध्यक्ष बनने के लिए बहुमत जरूरी होता है. यदि किसी को बहुमत नहीं मिलता, तो टॉप दो उम्मीदवारों के बीच पुनः मतदान होता है. अब नजरें इस पर टिकी हैं कि ताकाइची संसद में समर्थन जुटा पाती हैं या नहीं.









