सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘सिकंदर’ की शूटिंग में व्यस्त हैं. यह शूटिंग हैदराबाद में की जा रही है, जहाँ सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम किए गए हैं. फिल्म में सलमान खान के साथ साउथ की मशहूर अभिनेत्री रश्मिका मंदाना नज़र आएंगी, और इस फिल्म का निर्देशन ए.आर. मुरुगादॉस कर रहे हैं.
कुछ समय पहले ही सलमान खान मुंबई से कड़ी सुरक्षा के बीच हैदराबाद के लिए रवाना हुए थे. वह अगले एक महीने तक हैदराबाद में रहकर फिल्म ‘सिकंदर’ के इस शेड्यूल की शूटिंग करेंगे. सलमान को हाल के दिनों में कई बार जान से मारने की धमकी मिली है, जिस कारण उनकी सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है. उनके लिए विशेष रूप से चार लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें प्राइवेट सुरक्षाकर्मी और सरकारी सुरक्षा बल शामिल हैं.
होटल गेस्ट्स की चेकिंग की विशेष व्यवस्था
शूटिंग के दौरान होटल में गेस्ट्स की चेकिंग के लिए दो स्तर की व्यवस्था की गई है. होटल की अपनी सुरक्षा के बाद, सलमान की सुरक्षा टीम भी गेस्ट्स की गहन जांच करती है. केवल उन व्यक्तियों को ही शूटिंग की जगह पर आने अनुमति है, जिन्हें पहले से मंजूरी दी गई है. इसके अलावा, होटल स्टाफ की भी नियमित जाँच होती है. यहाँ नो स्वैपिंग पॉलिसी लागू की गई है ताकि किसी और के बदले में किसी अन्य व्यक्ति को प्रवेश न मिल सके.









