भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने आधिकारिक रूप से खेल से संन्यास का ऐलान कर दिया है। साइना ने अपना आखिरी मैच 2023 में खेला था, लेकिन लगातार घुटने की समस्या और इंजरी के चलते अब उन्होंने खेल को अलविदा कहने का फैसला लिया। 35 वर्षीय साइना ने एक पॉडकास्ट में कहा कि उनका शरीर अब उच्च-तीव्रता की ट्रेनिंग और प्रतिस्पर्धा को सहन नहीं कर पा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपने खेल की शुरुआत और अब विदाई अपने नियमों पर ही की।
साइना ने अपने करियर में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। 2012 लंदन ओलंपिक में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर बैडमिंटन में भारत के लिए ओलंपिक मेडल लाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं। कुल मिलाकर उन्होंने ओलंपिक और सात बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में 18 मेडल अपने नाम किए। इनमें वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप, एशियन चैंपियनशिप, उबर कप, कॉमनवेल्थ गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप शामिल हैं। साइना को कई राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिनमें 2009 का अर्जुन अवॉर्ड, 2010 का मेजर ध्यानचंद अवॉर्ड, पद्मश्री और 2016 में पद्म भूषण शामिल हैं। उनके योगदान और उपलब्धियों ने भारतीय बैडमिंटन को नई ऊँचाई दी है।









