National

क्रीमिया में रूसी सैन्य विमान हादसा: पहाड़ी से टकराकर An-26 विमान क्रैश, 29 की मौत

रूस के क्रीमिया क्षेत्र से बुधवार सुबह एक बड़े विमान हादसे की खबर सामने आई, जिसमें रूस का एक सैन्य परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एंटोनोव-26 (An-26) विमान उड़ान के दौरान नियंत्रण कक्ष से अचानक संपर्क खो बैठा और कुछ समय बाद एक पहाड़ी इलाके से टकराकर क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 29 लोगों की जान चली गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में कुल 23 यात्री और 6 क्रू सदस्य मौजूद थे। दुर्घटना ब्लैक सी के निकट क्रीमियाई प्रायद्वीप के ऊपर हुई, जो रणनीतिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। हादसे के बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबे की खोज शुरू की, लेकिन किसी के भी जीवित बचने की पुष्टि नहीं हो सकी। प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी हमले या साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि तकनीकी खराबी इस दुर्घटना की संभावित वजह हो सकती है। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष ब्लैक बॉक्स और अन्य सबूतों के विश्लेषण के बाद ही सामने आएगा।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने घटना की जांच के लिए एक विशेष समिति गठित कर दी है, जो हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। यह घटना हाल के समय में रूसी सैन्य विमानन के लिए एक और बड़ा झटका मानी जा रही है।फिलहाल, जांच एजेंसियां घटनास्थल से अहम सुराग जुटाने में लगी हैं, ताकि इस हादसे के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सके।