World

रूस का कीव पर हमला, सरकारी बिल्डिंग में लगी आग; कई लोगों की मौत

यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस ने एक बार फिर रातभर बड़ा हमला किया. पेचेर्स्की ज़िले में स्थित यूक्रेनी सरकार की मुख्य इमारत में आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यूक्रेनी सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी. कई चश्मदीदों ने इमारत से घना धुआं उठते देखा.

यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार, रूस ने 800 से ज्यादा ड्रोन और 13 मिसाइलें दागीं. इन हमलों में एक नवजात समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हुए हैं. कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि हमले की शुरुआत ड्रोन से हुई और फिर मिसाइलों से कई इमारतों को निशाना बनाया गया.

डार्नित्स्की ज़िले में एक बुज़ुर्ग महिला की मौत हो गई और कई रिहायशी इमारतें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं. ड्रोन के मलबे से 16 और 9 मंजिला इमारतों में आग लग गई। तस्वीरों में कई बिल्डिंग्स से धुआं उठता दिखा और कुछ हिस्से ढहते नजर आए.

कीव के अलावा ओडेसा, क्रिवी रीह और क्रेमेनचुक जैसे शहरों में भी बमबारी हुई, जिससे बिजली आपूर्ति और शहरी ढांचा प्रभावित हुआ. रूस की ओर से इन हमलों पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन यूक्रेन का कहना है कि रूस जानबूझकर आम नागरिकों को निशाना बना रहा है.