National

देश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे, 2023 में 1.73 लाख लोगों की मौत: NCRB रिपोर्ट

देश में सड़क हादसों की संख्या चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में सड़क दुर्घटनाओं में 1,73,000 लोगों की मौत हुई। यह आंकड़ा देश में सड़क सुरक्षा की गंभीर स्थिति को उजागर करता है। रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, तेलंगाना, असम और दिल्ली जैसे राज्यों में हादसों की संख्या सबसे ज्यादा रही। 2024 में अब तक लगभग 1,70,000 लोग सड़क हादसों में मारे जा चुके है।

NCRB ने हादसों के मुख्य कारण भी बताए हैं। तेज रफ्तार के कारण 58.6% दुर्घटनाएं हुईं, जिसमें 1,01,841 लोगों की जान गई। इसके अलावा, लापरवाह ड्राइविंग 23.6% हादसों की वजह बनी, जिसमें 41,035 लोगों की मौत हुई। अन्य कारणों में खराब मौसम, सड़क पर जानवरों का आना और नशीले पदार्थों के प्रभाव में वाहन चलाना शामिल हैं। सरकार ने सड़क सुरक्षा सुधार के कई कदम उठाए हैं, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि जागरूकता, नियमों का पालन और जिम्मेदार ड्राइविंग अब भी सबसे बड़ी आवश्यकता है।