Delhi

EWS मरीजों के लिए राहत, मुफ्त इलाज की आय सीमा बढ़ा सकती है दिल्ली सरकार

दिल्ली में निजी अस्पतालों में कम आय वर्ग के मरीजों के लिए मुफ्त इलाज की सुविधा में बदलाव की संभावना है। दिल्ली सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट को जानकारी दी है कि ईडब्ल्यूएस (EWS) श्रेणी के मरीजों के लिए मुफ्त इलाज की आय सीमा को वर्तमान 2.25 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने पर विचार किया जा रहा है।

हाईकोर्ट ने सरकार से इस प्रस्ताव पर स्टेटस रिपोर्ट मांगी है और निर्देश दिए हैं कि आय सीमा बढ़ाने का अंतिम निर्णय अदालत के रिकॉर्ड पर दर्ज कराया जाए। मामले की अगली सुनवाई 7 जनवरी को होगी, जब दिल्ली सरकार को पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

दिल्ली सरकार की ओर से हाईकोर्ट में यह जानकारी जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह और जस्टिस मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा की बेंच को दी गई। सरकार के वकील ने बताया कि 2 दिसंबर को हुई डॉ. एसके सरीन समिति की बैठक में आय सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया गया और सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार कर दिए गए हैं। अब फाइल सक्षम प्राधिकरण के पास मंजूरी के लिए लंबित है और जैसे ही निर्णय होगा, इसे लागू कर दिया जाएगा।

डॉ. एसके सरीन समिति में एमिकस क्यूरी के तौर पर जुड़े वरिष्ठ वकील अशोक अग्रवाल ने अदालत को बताया कि दिल्ली में 62 निजी अस्पताल हैं, जहां ईडब्ल्यूएस मरीजों के लिए 1000 से अधिक बेड आरक्षित हैं। आय सीमा बढ़ने से अधिक गरीब और मध्यम वर्ग के मरीज इस योजना का लाभ उठा सकेंगे और पूरे देश से आने वाले ईडब्ल्यूएस मरीज मुफ्त इलाज पा सकेंगे।