National World

रिलायंस की ऑस्ट्रेलिया में एंट्री, गुडनेस ग्रुप में निवेश से ग्लोबल FMCG बनने की राह मजबूत

रिलायंस कंज़्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने ऑस्ट्रेलिया की हेल्थ-फोकस्ड बेवरेज कंपनी गुडनेस ग्रुप ग्लोबल में बहुमत हिस्सेदारी हासिल कर ली है। इस अधिग्रहण के साथ RCPL ने ऑस्ट्रेलिया के तेजी से बढ़ते कंज़्यूमर गुड्स बाजार में औपचारिक रूप से कदम रख दिया है। यह कदम RCPL की रणनीति का हिस्सा है, जिसमें हेल्दी और बेटर-फॉर-यू प्रोडक्ट्स पर फोकस किया जा रहा है। गुडनेस ग्रुप के प्रमुख ब्रांड Nexba और PACE इस साझेदारी के केंद्र में हैं। PACE हाइड्रेशन ड्रिंक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट कप्तान पैट कमिंस के सहयोग से तैयार किया गया है। RCPL इन ब्रांड्स को भारत समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लॉन्च करेगी, जिससे ग्लोबल FMCG में अपनी मौजूदगी मजबूत करेगी।

RCPL पहले ही UAE, कतर, ओमान, बहरीन, नेपाल और श्रीलंका में अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुकी है। भारत में कंपनी RasKik, Sun Crush जूस, ज़ीरो-शुगर सॉफ्ट ड्रिंक्स और Shunya हर्बल-नेचुरल पेय के जरिए अपनी पहचान बना चुकी है। गुडनेस ग्रुप में हिस्सेदारी से RCPL का हेल्दी बेवरेज सेगमेंट और मजबूत होगा। RCPL के डायरेक्टर टी. कृष्णकुमार ने कहा कि यह साझेदारी भारत से ग्लोबल FMCG कंपनी बनने की दिशा में साहसिक कदम है। उन्होंने बताया कि RCPL की मजबूत सप्लाई चेन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए गुडनेस ग्रुप के ब्रांड्स को तेजी से नए बाजारों में पहुंचाया जाएगा। गुडनेस ग्रुप के फाउंडर ट्रॉय डगलस ने भी कहा कि RCPL के साथ यह साझेदारी उन्हें Better-For-You कैटेगरी में ग्लोबल लीडर बनने का मौका देगी।

हाल ही में रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने बताया था कि उसके क्विक कॉमर्स और FMCG बिज़नेस अब मुनाफे में आ चुके हैं। इस अधिग्रहण से RCPL की दीर्घकालिक ग्लोबल रणनीति को और मजबूती मिलेगी।