राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक भीषण धमाके से दहल उठी, जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास चलती कार में जोरदार विस्फोट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद कई वाहनों में आग लग गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, इस धमाके में कम से कम आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और फोरेंसिक टीमें मौके पर जांच में जुटी हैं। शीर्ष खुफिया सूत्रों ने इस विस्फोट को एक संभावित फिदायीन (आत्मघाती) हमले की आशंका से जोड़कर जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा कारणों से भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने लाल किला परिसर को तीन दिनों के लिए, यानी 13 नवंबर तक, बंद करने का निर्णय लिया है। इस अवधि में आम नागरिकों और पर्यटकों का प्रवेश वर्जित रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला जांच में किसी भी तरह की बाधा से बचने के लिए एहतियातन उठाया गया है। फिलहाल दिल्ली में हाई अलर्ट जारी है और पुलिस पूरे इलाके की निगरानी कर रही है।









