आरसीपी सिंह ने की नई पार्टी ‘आसा’ की घोषणा, कहा – बनेगी “आप सब की आवाज

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी रहे आरसीपी सिंह ने दीपावली के अवसर पर अपनी नई पार्टी का ऐलान किया है। पार्टी का नाम ‘आसा’ (ASA) रखा गया है, जिसका पूरा नाम है “आप सब की आवाज”। सिंह ने पार्टी का परिचय देते हुए कहा कि दीपावली पर दीप जलाकर आशा का संदेश दिया जाता है, और इसी भावना से प्रेरित होकर पार्टी का नाम ‘आसा’ रखा गया है।

आरसीपी सिंह ने पार्टी के झंडे का भी विवरण दिया। उन्होंने बताया कि पार्टी का झंडा आयताकार होगा, जिसमें हरा, पीला, और नीला तीन रंग शामिल होंगे। झंडे के बीच में पीले रंग में चुनाव चिन्ह अंकित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का संविधान भारतीय संविधान के सिद्धांतों पर आधारित होगा, जिसमें देश की एकता और अखंडता को ध्यान में रखा जाएगा।

सिंह ने घोषणा की कि 2025 के चुनाव में पार्टी मजबूती से लड़ेगी और इसके लिए 140 मजबूत उम्मीदवार तैयार हैं। इसके अलावा, उन्होंने बिहार में लागू शराबबंदी पर भी सवाल उठाए और इसे असफल करार दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि शराबबंदी की वास्तविक स्थिति और इसके असर को समझने के लिए एक उच्च-स्तरीय कमेटी का गठन किया जाए। उनका मानना है कि शराबबंदी से राज्य के राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है और इससे ग्रामीण क्षेत्रों के कई लोग जेल में चले गए हैं।

आरसीपी सिंह ने बिहार की छवि सुधारने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि बिहार में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए यहां के माहौल को बदलने की आवश्यकता है। उन्होंने राज्य में बेहतर बुनियादी ढांचे, विशेषकर फाइव-स्टार होटलों की कमी की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि बिहार में बड़े आयोजन के लिए लोग रांची या बनारस चले जाते हैं। सिंह का मानना है कि यदि सही दिशा में प्रयास किए जाएं, तो बिहार में भी सकारात्मक बदलाव संभव है।

error: Content is protected !!