भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में असिस्टेंट के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द ही समाप्त होने वाली है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 650 पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 8 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
योग्यता और आयु सीमा
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 फरवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट दी जाएगी। एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 5 वर्ष, ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट मिलेगी। इसके अलावा उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की डिग्री होना जरूरी है।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में होगा, जिसमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट शामिल हैं। प्रारंभिक परीक्षा में अंग्रेजी, न्यूमेरिकल एबिलिटी और रीजनिंग से जुड़े 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जो कुल 100 अंकों के होंगे। इस परीक्षा की अवधि एक घंटा होगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा, जो 200 अंकों की होगी।
वेतन और आवेदन शुल्क
चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 29,000 रुपये से लेकर 78,640 रुपये तक वेतन दिया जाएगा। आवेदन शुल्क की बात करें तो जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 450 रुपये फीस देनी होगी, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है।
परीक्षा तिथि
आरबीआई की ओर से प्रारंभिक परीक्षा 11 अप्रैल 2026 को और मुख्य परीक्षा 7 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार समय रहते आवेदन कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकते हैं।









