Entertainment

टोक्यो में फिर चमकेगा रश्मिका मंदाना का जलवा, एनीमे अवॉर्ड्स 2026 में बनेंगी प्रेजेंटर

पैन इंडिया स्टार रश्मिका मंदाना एक बार फिर इंटरनेशनल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। एक्ट्रेस को जापान के टोक्यो में आयोजित होने वाले 10वें ग्लोबल एनीमे अवॉर्ड्स 2026 में प्रेजेंटर के रूप में चुना गया है। यह प्रतिष्ठित इवेंट 23 मई 2026 को टोक्यो में आयोजित होगा, जिसमें दुनियाभर के कलाकार, क्रिएटर्स और एनीमे इंडस्ट्री से जुड़े दिग्गज शामिल होंगे। इस मंच पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

खास बात यह है कि रश्मिका मंदाना इससे पहले साल 2024 में भी इस अवॉर्ड शो का हिस्सा बन चुकी हैं, जहां उन्होंने पहली भारतीय प्रेजेंटर बनकर इतिहास रचा था। अब एक बार फिर उनकी वापसी फैंस के लिए उत्साह का विषय बनी हुई है। रश्मिका ने अपने पिछले अनुभव को याद करते हुए बताया था कि जापान जाना उनका बचपन का सपना था, जो इस इवेंट के जरिए पूरा हुआ। रश्मिका की यह उपलब्धि न केवल उनके करियर के लिए अहम है, बल्कि वैश्विक मंच पर भारतीय कलाकारों की बढ़ती पहचान को भी दर्शाती है।