बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘रंगीला’ 30 साल बाद फिर से सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. उर्मिला मातोंडकर, आमिर खान और जैकी श्रॉफ स्टारर इस फिल्म का नया 4K HD रीस्टोर्ड वर्जन 28 नवंबर को रिलीज होगा. साल 1995 में राम गोपाल वर्मा द्वारा निर्देशित यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी और दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय थी.
‘रंगीला’ की कहानी एक लव ट्रायंगल पर आधारित है. उर्मिला मातोंडकर का किरदार मिली एक हीरोइन बनने का सपना देखती है, जबकि आमिर खान का किरदार मुन्ना, जो एक अनाथ और ब्लैक मार्किट टिकट विक्रेता है, उसका दोस्त होता है. जैकी श्रॉफ का किरदार राज कमल, जो कि एक बड़े अभिनेता हैं, मिली को ‘रंगीला’ फिल्म में हीरोइन बनने का मौका दिलाते हैं. जैसे-जैसे मिली फिल्म इंडस्ट्री में कदम बढ़ाती है, वैसे-वैसे राज कमल और मुन्ना दोनों ही उससे प्यार करने लगते हैं, और शुरू होता है लव ट्रायंगल.
फिल्म के गाने और संगीत भी उस समय हिट हुए थे. एआर रहमान द्वारा दिए गए संगीत ने फिल्म को और भी खास बना दिया. फिल्म के लिए एआर रहमान को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला. वहीं, राम गोपाल वर्मा को बेस्ट स्टोरी और जैकी श्रॉफ को सपोर्टिंग एक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला. अब 30 साल बाद यह फिल्म 4K रीस्टोर्ड वर्जन में नए सिरे से दर्शकों के सामने आएगी, जो पुराने और नए दोनों दर्शकों के लिए खास अनुभव साबित होगी.









