बॉलीवुड के दमदार और वर्सटाइल अभिनेता रणदीप हुड्डा इस बार चर्चा में आए हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी मां आशा हुड्डा का ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डेब्यू है। अपने कॉलेज और बचपन के दिनों से ही अभिनय के शौक़ीन आशा ने अब हरियाणवी फिल्म ‘सांगी’ में दादी का किरदार निभाकर सबको चौंका दिया है। रणदीप ने सोशल मीडिया पर मां की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “जिब मां के रोल का टेम था, टेम ना मिल्या, तै ईब सीधा दादी का।” उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि मां के रोल का मौका नहीं मिला, लेकिन अब सीधे दादी का किरदार मिला। रणदीप ने अपनी मां को पर्दे पर देखने की खुशी जताई और पूरी टीम को शुभकामनाएं दी।
आशा ने 1971 में रोहतक के महिला कॉलेज से पढ़ाई पूरी की और कॉलेज के दिनों से ही नाटकों और स्टेज परफॉर्मेंस में सक्रिय रहीं। शादी के बाद उन्होंने परिवार और सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों को प्राथमिकता दी। फिल्म ‘सांगी’ हरियाणवी लोक कला पर आधारित है। कहानी कुलदीप नामक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो गांव में महिला का वेश धारण कर नृत्य करता है और अपनी पहचान बनाने की कोशिश करता है। उसे परिवार, समाज और गांव वालों के विरोध का सामना करना पड़ता है। फिल्म संघर्ष, पहचान और कला के सम्मान की प्रेरणादायक झलक पेश करती है। यह फिल्म हरियाणवी ओटीटी प्लेटफॉर्म STAGE पर रिलीज हुई है और दर्शकों द्वारा इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कुछ समय पहले रणदीप हुड्डा को STAGE ऐप का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। इसके बाद से वह हरियाणवी सिनेमा को बढ़ावा दे रहे हैं और क्षेत्रीय कंटेंट को सपोर्ट कर रहे हैं।









