बालोतरा। मारवाड़ के तीर्थराज रणछोड़राय खेड़ मंदिर में इस वर्ष का सबसे बड़ा अन्नकूट महोत्सव कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को आयोजित होगा। इस विशाल आयोजन की तैयारियां मंदिर ट्रस्ट मंडल की देखरेख में जोरों पर हैं।
मंदिर परिसर में 20 हलवाइयों और 10 मजदूरों की टीम 96 घंटे तक लगातार काम करके 56 भोग और 140 क्विंटल अन्नकूट प्रसाद तैयार करेगी। प्रसादी की व्यवस्था की निगरानी मुख्य व्यवस्थापक भगवानदास गोयल कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं में अन्नकूट महोत्सव को लेकर उत्साह चरम पर है। मेले को लेकर दुकानों का आवंटन शुरू हो चुका है और मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और झूलों से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए महिला और पुरुषों के लिए अलग दर्शन पंक्तियां बनाई गई हैं, जबकि दर्शन मार्गों पर रेलिंग लगाने का कार्य जारी है।
मेला दो दिन पहले से होगा शुरू
मंदिर के आसपास के बाजारों में झूले और दुकानों की रौनक दिखाई देने लगी है। मेले से दो दिन पहले ही दुकानें खुल जाएंगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर ट्रस्ट मंडल रोजाना बैठकें कर रहा है।
ट्रस्ट मंडल की भूमिका
अन्नकूट महोत्सव की तैयारियों में ट्रस्ट अध्यक्ष रमेश मंगल, उपाध्यक्ष भंवरलाल टावरी, सचिव महेंद्र अग्रवाल, सह सचिव अयोध्या प्रसाद गोयल, और अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
राजस्थान का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन
कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित यह अन्नकूट महोत्सव राजस्थान का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन माना जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु रणछोड़राय के दर्शन और अन्नकूट प्रसाद का लाभ लेने के लिए बालोतरा पहुंचते हैं।


