राजस्थान में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव आयोग ने अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। इस प्रक्रिया के तहत राज्य से 31,36,286 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जबकि ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद 12,91,365 नए नाम जोड़े गए। अब राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 5,15,19,929 हो गई है। इससे पहले 27 अक्टूबर 2025 को जारी प्रारंभिक सूची में मतदाताओं की संख्या 5,46,56,215 थी। संशोधन के बाद 199 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं का अंतिम आंकड़ा जारी किया गया, जो ड्राफ्ट पब्लिकेशन के मुकाबले 10,48,605 (2.08%) की वृद्धि दर्शाता है।
अंतिम सूची के अनुसार, राज्य में 2,69,57,881 पुरुष मतदाता, 2,45,61,486 महिला मतदाता और 562 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। ड्राफ्ट के बाद 2,42,760 नाम और हटाए गए। ड्राफ्ट के बाद सबसे अधिक नए मतदाता जयपुर में जुड़े, जबकि फलौदी और भरतपुर जिले भी शीर्ष जिलों में रहे। लिंगानुपात में भी सुधार दर्ज किया गया है। राज्य का लिंगानुपात 909 से बढ़कर 911 हो गया है। जयपुर में 7 अंकों की बढ़ोतरी, कोटा में 6 अंकों की वृद्धि और अजमेर, सिरोही, डूंगरपुर, बूंदी, झालावाड़ व बारां में 4-4 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई। चुनाव आयोग ने बताया कि अन्य राज्यों में भी SIR प्रक्रिया जारी है और उनके अंतिम आंकड़े जल्द जारी किए जाएंगे।









